खाद गोदाम में विवाद: बिना टोकन खाद देने का दबाव बनाने का आरोप, भाजपा नेता पर गाली-गलौज और धमकी की FIR
पन्ना। खाद वितरण के दौरान बिना टोकन खाद उपलब्ध कराने का दबाव बनाने, गाली-गलौज करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में खाद गोदाम के डबल लॉक प्रभारी रजनीश कुमार शुक्ला की शिकायत पर पुलिस ने भाजपा नेता प्रवेश खमपरिया के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, 5 अक्टूबर को करीब 11 बजे रजनीश कुमार शुक्ला खाद गोदाम खोलकर किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत खाद का वितरण कर रहे थे। इसी दौरान पटना कला निवासी प्रवेश खमपरिया खाद लेने गोदाम पहुंचे। खाद गोदाम प्रभारी द्वारा ऑनलाइन टोकन जनरेट कराने की बात कहे जाने पर कथित तौर पर बिना टोकन खाद देने का दबाव बनाया गया।
आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और प्रवेश खमपरिया द्वारा कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए खाद नहीं देने पर धमकी दी गई। शिकायत में स्थानांतरण कराने, बोरिया-बिस्तर बंधवाने और जान से खत्म करने जैसी धमकियां दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के चलते खाद वितरण कार्य प्रभावित होने तथा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न होने की बात शिकायत में कही गई है।
घटना के समय कंप्यूटर ऑपरेटर शिवम खरे, गार्ड संजयदत्त सेन, रामसुमिरन चौधरी सहित अन्य लोग मौके पर मौजूद बताए गए हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार घटना की जानकारी एसडीएम और तहसीलदार को भी दी गई।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि 7 अक्टूबर को दोबारा कथित रूप से गाली-गलौज करने और पवई से उठवा लेने की धमकी दिए जाने के बाद रजनीश शुक्ला थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 296(बी), 221 एवं 351(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

