पितृमोक्ष अमावस्या पर मसुरहा घाट में सजेगी ‘एक शाम पितरों के नाम’, दीपदान और भजन संध्या के साथ होगी पितृपक्ष की विदाई
कटनी। पितृमोक्ष अमावस्या के पावन अवसर पर 10 अक्टूबर शनिवार को कटनी नदी स्थित मसुरहा घाट के ब्राह्मण सत्संग भवन में ‘एक शाम पितरों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं। कार्यक्रम में श्रद्धालु अपने दिवंगत पितरों का श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए दीपदान करेंगे और भजन संध्या के माध्यम से पितरों के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे।
आयोजन समिति के अनुसार, पंडित चंदन अशोक महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में भजन संध्या, दीपदान एवं प्रसाद वितरण प्रमुख आकर्षण रहेंगे। मान्यता है कि पितर हमारे जीवन की वह जड़ हैं, जिनसे हमारा अस्तित्व जुड़ा हुआ है। पितरों की स्मृति में प्रज्वलित किया गया दीप श्रद्धा, कृतज्ञता और प्रेम का प्रतीक माना जाता है।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु अपने पितृदेवों के निमित्त दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे तथा उनके आशीर्वाद की कामना करेंगे। दीपदान के बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।
आयोजन समिति ने शहरवासियों से सपरिवार मसुरहा घाट पहुंचकर इस पावन आयोजन में सहभागी बनने का आग्रह किया है। साथ ही श्रद्धालुओं से अपने घर से आटे के पांच दीपक बनाकर लाने की अपील की गई है, ताकि सामूहिक रूप से दीपदान कर पितृपक्ष की श्रद्धापूर्ण विदाई की जा सके।
कार्यक्रम को लेकर आयोजकों द्वारा घाट एवं आयोजन स्थल पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। पितृमोक्ष अमावस्या की इस विशेष संध्या में भजन-कीर्तन, दीपों की रोशनी और श्रद्धा का संगम देखने को मिलेगा।

