Home » कटनी » कटनी रेलवे स्टेशन के आउटर में मिला सिर धड़ से अलग अज्ञात व्यक्ति का शव, आखिर कौन है मृतक? कई सवालों के घेरे में रेलवे की व्यवस्था!

कटनी रेलवे स्टेशन के आउटर में मिला सिर धड़ से अलग अज्ञात व्यक्ति का शव, आखिर कौन है मृतक? कई सवालों के घेरे में रेलवे की व्यवस्था!

News Portal Development Companies In India

कटनी रेलवे स्टेशन के आउटर में मिला सिर धड़ से अलग अज्ञात व्यक्ति का शव, आखिर कौन है मृतक? कई सवालों के घेरे में रेलवे की व्यवस्था!

ट्रेनों में चाय बेचने वाला वेंडर होने की आशंका, शव के पास चाय का कंटेनर मिलने की चर्चा; GRP ने नहीं की पुष्टि, पहचान के प्रयास जारी, स्टेशन पर सक्रिय अवैध वेंडरों की निगरानी और सत्यापन पर उठे सवाल

कटनी। कटनी रेलवे स्टेशन के आउटर क्षेत्र में बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का सिर धड़ से अलग शव बरामद हुआ। घटनास्थल का दृश्य देखकर हर कोई हैरान रह गया। रेलवे ट्रैक पर शव और उससे कुछ दूरी पर सिर पड़ा होने की सूचना मिलते ही कटनी जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

क्या ट्रेनों में चाय बेचता था मृतक?

घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। सूत्रों के अनुसार मृतक ट्रेनों में चाय बेचने का काम करता था और वेंडर हो सकता है। इतना ही नहीं, घटनास्थल पर शव के पास चाय बेचने वाला कंटेनर रखे होने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि इन बातों की जीआरपी पुलिस ने अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ऐसे में मृतक की पहचान और उसके कामकाज को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

अवैध वेंडरों का नेटवर्क, जिम्मेदार विभाग की निगरानी पर सवाल!

इस घटना ने कटनी रेलवे स्टेशन पर सक्रिय कथित अवैध वेंडरों की व्यवस्था को एक बार फिर सवालों के कटघरे में खड़ा कर दिया है। स्टेशन परिसर से लेकर ट्रेनों तक चाय-नाश्ता बेचने वाले कई लोग सक्रिय नजर आते हैं। सवाल यह है कि इनकी पहचान का रिकॉर्ड किसके पास है? क्या सभी का पुलिस सत्यापन कराया गया है? यदि कोई व्यक्ति बिना वैध अनुमति और पहचान के ट्रेनों में कारोबार कर रहा है, तो उसकी निगरानी की जिम्मेदारी आखिर किस विभाग की है?

आखिर कब होगी व्यवस्थित जांच?

रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थान पर यदि वेंडरों की पहचान और उनके सत्यापन की व्यवस्था में कोई कमी है, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और जीआरपी की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल उठना स्वाभाविक है। हालांकि मृतक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी जांच का विषय है और इसे अवैध वेंडिंग से जोड़कर देखना जल्दबाजी होगी।

सबसे बड़ा सवाल मृतक की पहचान का!

फिलहाल सबसे जरूरी यह है कि अज्ञात व्यक्ति की पहचान जल्द से जल्द हो और उसके परिवार तक घटना की सूचना पहुंचे। मृतक कहां का रहने वाला था, रेलवे स्टेशन तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या यह रेल हादसा है या घटना के पीछे कोई दूसरी वजह है? इन सभी सवालों के जवाब जीआरपी की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेंगे।

अब देखना यह होगा कि जीआरपी पुलिस कब तक मृतक की पहचान कर पाती है और रेलवे प्रशासन स्टेशन पर सक्रिय वेंडरों के सत्यापन एवं निगरानी को लेकर क्या कदम उठाता है।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?