Home » पन्ना » मड़ला घाटी में कट्टे की नोक पर कार लूटने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, वारदात के 4 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

मड़ला घाटी में कट्टे की नोक पर कार लूटने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, वारदात के 4 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

News Portal Development Companies In India

मड़ला घाटी में कट्टे की नोक पर कार लूटने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, वारदात के 4 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

झांसी से किराये पर बागेश्वर धाम और मैहर घूमने आए थे चार बदमाश, सुनसान घाटी में चालक को कट्टा अड़ाकर लूटी शिफ्ट डिजायर; शाहनगर पुलिस ने घेराबंदी कर कार समेत आरोपियों को पकड़ा, दो फरार

पन्ना (मध्यप्रदेश)। पन्ना जिले की मड़ला घाटी में हथियार के दम पर शिफ्ट डिजायर कार लूटने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बदमाशों ने पहले झांसी रेलवे स्टेशन से यात्री बनकर कार किराये पर बुक की और बागेश्वर धाम एवं मैहर की यात्रा की। इसके बाद वापस झांसी लौटते समय मड़ला घाटी में चालक को कट्टा अड़ाकर और मारपीट कर कार, नकदी तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पन्ना पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कराई और महज चार घंटे के भीतर दो आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने लूटी गई शिफ्ट डिजायर कार भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक और एक विधिविरुद्ध बालक शामिल है, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य फरार हैं।

यात्री बनकर बुक की कार, फिर चालक को बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, फरियादी पवन कुमार शिवहरे निवासी बड़ागांव गेट बाहर, झांसी (उत्तर प्रदेश) किराये पर अपनी शिफ्ट डिजायर कार क्रमांक UP14DX6171 चलाते हैं। 23 नवंबर 2026 की सुबह करीब 5 बजे झांसी रेलवे स्टेशन पर चार अज्ञात व्यक्ति यात्री बनकर मिले और उन्होंने बागेश्वर धाम एवं मैहर घूमने के लिए कार बुक की। चारों को धार्मिक स्थलों की यात्रा कराने के बाद चालक उन्हें वापस झांसी लेकर जा रहा था। इसी दौरान शाम करीब 7:30 बजे मड़ला थाना क्षेत्र की मड़ला घाटी स्थित खिल चौकी पुलिया के पास कार में बैठे एक बदमाश ने चालक को कट्टा अड़ा दिया, जबकि दूसरे ने पेट में 2-3 घूंसे मारकर गाड़ी रोकने को कहा। इसके बाद चारों बदमाश चालक से 2,500 रुपये नकद, मोटोरोला मोबाइल और कार लूटकर पन्ना की ओर भाग निकले।

QRT टीम की मदद से मिली पुलिस को घटना की सूचना

लूट के बाद आरोपी तेज रफ्तार में कार लेकर भाग रहे थे। इसी दौरान घटनास्थल से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर दूर उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पहुंच गई। मड़ला घाटी में यातायात व्यवस्था में पुलिस की मदद के लिए तैनात जेके सीमेंट की QRT टीम के कर्मचारियों ने कार को सुरक्षित सड़क पर पहुंचाया। इसके बाद आरोपी कार लेकर पन्ना की ओर रवाना हो गए। कुछ समय बाद फरियादी QRT कर्मचारियों के संपर्क में आया और उसने अपने साथ हुई लूट की जानकारी दी। QRT कर्मचारी के मोबाइल से डायल 112 पर सूचना दी गई और फरियादी को लेकर टीम थाना मड़ला पहुंची।

शाहनगर पुलिस की नाकाबंदी में फंसे बदमाश, बैरिकेडिंग तोड़कर भागे

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पन्ना सव्यसाची सराफ ने तत्काल जिले के सभी थाना प्रभारियों को सघन वाहन चेकिंग और नाकाबंदी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी पन्ना आनंद निवारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर मोर्चा संभाला।

इसी दौरान शाहनगर पुलिस अस्पताल चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। तभी पन्ना की ओर से आ रही लूटी गई शिफ्ट डिजायर कार ने पुलिस बैरिकेडिंग को टक्कर मारी और कटनी की ओर तेज रफ्तार से भागने लगी। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा किया और कचौरी मोड़ के पास घेराबंदी की। रामराजा प्लांट के आगे कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत की तारबाड़ी के पत्थर के खंभे से टकरा गई। पुलिस ने कार में सवार चार आरोपियों में से दो को मौके पर पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

बांदा के आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पर सात आपराधिक मामले

पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनूप सिंह निवासी बांदा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वहीं एक विधिविरुद्ध बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

फरार आरोपियों में हिमांशु उर्फ शुभम सिंह ठाकुर निवासी आरटीओ ऑफिस के सामने बांदा तथा राघव गौतम उर्फ आर्य गौतम निवासी ग्राम तेंदुरा, थाना बिसंडा, जिला बांदा शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, राघव उर्फ आर्य गौतम के विरुद्ध उत्तर प्रदेश के थाना बिसंडा एवं थाना बांदा में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कुल सात आपराधिक प्रकरण पूर्व से दर्ज हैं।

कार और एक हजार रुपये बरामद, फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई शिफ्ट डिजायर कार क्रमांक UP14DX6171 और एक हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। फरियादी के अनुसार लूट के समय 2,500 रुपये और मोबाइल फोन भी छीना गया था। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों से पूछताछ में लूट की अन्य वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मड़ला निरीक्षक बखत सिंह ठाकुर, थाना प्रभारी शाहनगर उपनिरीक्षक रवि सिंह जादौन सहित शाहनगर एवं मड़ला थाने के पुलिसकर्मियों और साइबर सेल पन्ना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना की।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?