पवित्र नगरी पवई में गूंजेगा राम नाम का जयघोष, 12 अक्टूबर को पहुंचेगी सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा
पवई, मध्य प्रदेश। पवित्र नगरी पवई में आगामी 12 अक्टूबर को सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा का आगमन होगा। देश-विदेश में प्रसिद्ध बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के आह्वान पर आयोजित इस यात्रा को लेकर नगर में तैयारियां शुरू हो गई हैं।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को मां कलेही देवी मंदिर परिसर में बागेश्वर धाम शिष्य मंडल एवं धर्मप्रेमियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में रथ यात्रा के स्वागत, कार्यक्रम स्थल, व्यवस्थाओं और आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया।
जानकारी के अनुसार सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा 11 अक्टूबर को पन्ना पहुंचेगी। इसके बाद 12 अक्टूबर को अमानगंज होते हुए सुबह करीब 11 बजे पवई पहुंचेगी। यहां मां कलेही देवी मेला प्रांगण में दोपहर 12 बजे मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में आशीर्वाद वचन के साथ भोजन प्रसाद एवं विश्राम की व्यवस्था भी रहेगी।
मंचीय कार्यक्रम के बाद सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा हटा के लिए रवाना होगी, जहां रात्रि विश्राम का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
रथ यात्रा को लेकर पवई के धर्मप्रेमियों एवं शिष्य मंडल में उत्साह का माहौल है। बैठक में शैलेश नगायच, मोनू जैन, प्रदीप मिश्रा, दीपेंद्र सिंह, मधु गुलाब सोनी, बसंत दहायत, लोकेंद्र सिंह, शिवम् पांडे सहित बड़ी संख्या में शिष्य मंडल के सदस्य एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी धर्मप्रेमियों से सहभागिता और सहयोग की अपील की है।

