अमीरगंज गौशाला में गोवंश की मौत पर विश्व हिंदू परिषद ने उठाए सवाल, 8 दिन में जांच की मांग
कटनी। अमीरगंज स्थित गौशाला में गोवंश के रख-रखाव और कथित लापरवाही को लेकर विश्व हिंदू परिषद, जिला कटनी ने प्रशासन से जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। परिषद ने इस संबंध में आयुक्त, नगर निगम कटनी को ज्ञापन सौंपकर गौशाला की व्यवस्थाओं की तत्काल जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि गौशाला में गोवंश के लिए पर्याप्त चारा-पानी, स्वच्छ वातावरण, चिकित्सा सुविधा एवं उचित देखरेख की व्यवस्था है या नहीं, इसकी उच्चस्तरीय जांच आवश्यक है। साथ ही मृत गायों की मृत्यु के कारणों की पशु चिकित्सकीय जांच कराने की मांग भी की गई है।
विश्व हिंदू परिषद ने गौशाला का तत्काल उच्चस्तरीय निरीक्षण, चारा-पानी, दवा, उपचार एवं साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त कराने, गौशाला के रिकॉर्ड एवं गोवंश की मृत्यु से संबंधित दस्तावेजों की जांच तथा लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी अथवा अन्य व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि भविष्य में गोवंश की सुरक्षा के लिए नियमित निरीक्षण और निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परिषद ने प्रशासन से ज्ञापन प्राप्त होने के दिन से 8 दिवस के भीतर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई शुरू कर गौशाला की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग की है।
वहीं ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि 8 दिवस के भीतर उचित जांच एवं आवश्यक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो बजरंग दल द्वारा प्रशासन के समक्ष सड़क पर उतरकर आंदोलन/प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।

