Home » कटनी » कटनी » पार्किंग की व्यवस्था धरी रह गई, स्टेशन चौराहे पर दुकानदारों की मनमानी! सड़क पर खड़े हो रहे दोपहिया वाहन, नगर निगम के जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल

पार्किंग की व्यवस्था धरी रह गई, स्टेशन चौराहे पर दुकानदारों की मनमानी! सड़क पर खड़े हो रहे दोपहिया वाहन, नगर निगम के जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल

News Portal Development Companies In India

पार्किंग की व्यवस्था धरी रह गई, स्टेशन चौराहे पर दुकानदारों की मनमानी! सड़क पर खड़े हो रहे दोपहिया वाहन, नगर निगम के जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल

कटनी। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल स्टेशन चौराहे पर यातायात व्यवस्था बदहाल होती नजर आ रही है। नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स के नीचे बड़े जोर-शोर से पार्किंग व्यवस्था शुरू कराई गई थी, ताकि दुकानदारों और ग्राहकों के वाहन व्यवस्थित तरीके से खड़े हो सकें और मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित न हो। लेकिन पार्किंग शुरू होने के बाद भी जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है।

आरोप है कि कॉम्प्लेक्स के कई दुकानदार निर्धारित पार्किंग स्थल पर अपने वाहन खड़े करने के बजाय स्टेशन चौराहे के व्यस्त मार्ग पर ही दोपहिया वाहन खड़े कर रहे हैं। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा है और राहगीरों तथा वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे बड़ा सवाल नगर निगम के अतिक्रमण विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहा है। कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवाकर निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा कराया जाए, लेकिन मौके पर प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आने से दुकानदारों की मनमानी बढ़ती दिखाई दे रही है।

पार्किंग स्थल बना शराबियों और नशेड़ियों का अड्डा?

स्थानीय स्तर पर यह भी शिकायत सामने आ रही है कि पार्किंग स्थल के आसपास शराबियों और नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। वहीं शराब दुकान के बाहर संचालित कथित अवैध चखना सेंटर के कारण गंदगी और कचरा फैलने की समस्या भी बनी हुई है। इसके बावजूद नगर निगम के जिम्मेदार कर्मचारियों की ओर से न तो नियमित सफाई की प्रभावी व्यवस्था दिखाई दे रही है और न ही अव्यवस्थाओं पर सख्ती से कार्रवाई होती नजर आ रही है।

आखिर किस काम की पार्किंग व्यवस्था?

नगर निगम आयुक्त तपस्या सिंह परिहार के निर्देश पर पार्किंग की व्यवस्था शुरू कराने का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना था, लेकिन यदि दुकानदार निर्धारित स्थान पर वाहन खड़े ही नहीं करेंगे और जिम्मेदार कर्मचारी नियमों का पालन नहीं कराएंगे, तो इस व्यवस्था का लाभ आखिर किसे मिलेगा?

अब सवाल यह है कि क्या नगर निगम आयुक्त इस पूरे मामले का संज्ञान लेकर अतिक्रमण विभाग के कर्मचारियों की जवाबदेही तय करेंगी? क्या स्टेशन चौराहे पर सड़क घेरकर खड़े होने वाले वाहनों पर कार्रवाई होगी? या फिर पार्किंग की व्यवस्था सिर्फ कागजों और उद्घाटन तक ही सीमित रह जाएगी?

शहरवासियों की मांग है कि नगर निगम तत्काल कार्रवाई कर पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी बनाए, अवैध चखना सेंटर और गंदगी पर कार्रवाई करे तथा स्टेशन चौराहे को अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से मुक्त कराए।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?