Home » पन्ना » पन्ना में धूमधाम से मना जनजातीय गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर मेधावी विद्यार्थी सम्मानित

पन्ना में धूमधाम से मना जनजातीय गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर मेधावी विद्यार्थी सम्मानित

News Portal Development Companies In India

पन्ना में धूमधाम से मना जनजातीय गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर मेधावी विद्यार्थी सम्मानित

टाउन हॉल में हुआ जिला स्तरीय आयोजन, विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने जनजातीय समाज के संघर्ष, स्वाभिमान और अधिकारों पर रखे विचार

पन्ना, मध्यप्रदेश। जनजातीय समाज के गौरव, स्वाभिमान और ऐतिहासिक संघर्ष को याद करते हुए रविवार को पन्ना जिले में जननायक भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल में पन्ना विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं सुबह छत्रसाल पार्क से सांस्कृतिक रैली निकालकर जनजातीय संस्कृति और गौरव का संदेश दिया गया।

टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनजातीय समाज का सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। अनुसूचित जनजाति वर्ग के उत्थान के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार के क्षेत्र में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को विकास के समान अवसर मिल सकें।

25 वर्ष की उम्र में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ खड़ा किया आंदोलन

विधायक ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी अल्पायु में जनजातीय समाज को एकजुट कर अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध क्रांति का नेतृत्व किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने जनजागरण का अभियान चलाया और समाज को अपनी परंपरा, संस्कृति एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया। बिरसा मुंडा ने विपरीत परिस्थितियों और अंग्रेजों के अत्याचारों के बावजूद संघर्ष का रास्ता नहीं छोड़ा। उनके महान कार्यों के कारण ही वे जनजातीय समाज में भगवान के रूप में पूजे जाते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्णय के बाद प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को जनजातीय नायकों के बलिदान, संघर्ष और देश की आजादी में उनके योगदान से परिचित कराना है। विधायक ने पात्र हितग्राहियों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान भी किया।

मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

जिला स्तरीय कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों का विशेष सम्मान किया गया। जवाहर नवोदय विद्यालय में चयनित छात्र विकास सिंह, कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 88.8 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले दीपराज कोंदर तथा 84 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले छोटू आदिवासी को विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस दौरान शासकीय कन्या छात्रावास गुनौर एवं शासकीय उत्कृष्ट कन्या विद्यालय शाहनगर की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इसके साथ ही उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन किया।

छत्रसाल पार्क से निकली सांस्कृतिक रैली

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर सुबह पन्ना नगर के छत्रसाल पार्क से सांस्कृतिक रैली निकाली गई। कलेक्टर हर्ष सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। स्कूलों एवं छात्रावासों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और भगवान बिरसा मुंडा के विचारों का संदेश दिया। शहर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करने के बाद रैली का समापन हुआ।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोष यादव, कलेक्टर हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ, जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे, जिला संयोजक जयप्रताप भदौरिया, जिला शिक्षा अधिकारी अजय गुप्ता, कैलाश गुप्ता, संजय अहिरवार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह परिहार ने किया।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?

न्यायोत्सव के तहत पन्ना में मैराथन दौड़, न्यायाधीशों ने दिखाई हरी झंडी  विधिक सेवा सप्ताह में दौड़े प्रतिभागी, पुरुष एवं महिला वर्ग के विजेताओं को मेडल, शील्ड और प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित

न्यायोत्सव के तहत पन्ना में मैराथन दौड़, न्यायाधीशों ने दिखाई हरी झंडी  विधिक सेवा सप्ताह में दौड़े प्रतिभागी, पुरुष एवं महिला वर्ग के विजेताओं को मेडल, शील्ड और प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित