हरैया गांव में कुएं में मिला 13 वर्षीय मासूम खुशी का शव, इलाके में पसरा मातम
कैमोर थाना क्षेत्र की घटना, कुएं में शव मिलने से मचा हड़कंप; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

कटनी। कैमोर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरैया में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गांव के एक कुएं में 13 वर्षीय बालिका का शव उतराता हुआ मिला। मृतका की पहचान खुशी कुशवाहा (13 वर्ष) के रूप में हुई है। मासूम बालिका का शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कैमोर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कुएं से बालिका के शव को बाहर निकलवाया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि बालिका किसी कारणवश कुएं में गिर गई होगी और घटना के समय किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। हालांकि, बालिका किन परिस्थितियों में कुएं तक पहुंची और उसकी मौत कैसे हुई, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले के प्रत्येक पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही बालिका की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

