शॉर्ट सर्किट से भड़की आग ने छीनी 25 वर्षीय युवक की जिंदगी, जीजा गंभीर रूप से झुलसा
विजयराघवगढ़ के देवसरी इंदौर में आधी रात दर्दनाक हादसा, मोटरसाइकिल में ब्लास्ट के बाद कमरे में फैली आग; जबलपुर में चल रहा घायल का उपचार
कटनी। बरही के भीषण अग्निकांड में छह लोगों की मौत का दर्द अभी लोग भूले भी नहीं थे कि विजयराघवगढ़ क्षेत्र के ग्राम देवसरी इंदौर में आग की एक और हृदयविदारक घटना सामने आ गई। आधी रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। हादसे में 25 वर्षीय प्रद्युम्न पटेल की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका जीजा संदीप पटेल गंभीर रूप से झुलस गया। घायल का जबलपुर में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम देवसरी इंदौर निवासी रामनिवास पटेल का पुत्र प्रद्युम्न पटेल और उसका बहनोई संदीप पटेल पिता शंकरलाल पटेल निवासी बंधी, पनागर शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात घर के बाहरी कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। बिजली की चिंगारी कमरे में खड़ी मोटरसाइकिल पर जा गिरी, जिससे देखते ही देखते आग भड़क उठी और पूरे कमरे में फैल गई।
मोटरसाइकिल में हुआ जोरदार ब्लास्ट, आग की चपेट में आए दोनों युवक
आग की लपटों से कमरे में सो रहे दोनों युवकों की नींद खुली तो उन्होंने बाहर निकलकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। इसी बीच मोटरसाइकिल में जोरदार ब्लास्ट हो गया। इसकी चपेट में आने से दोनों युवक गंभीर रूप से झुलस गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कमरे में रखा सामान जलकर खाक हो चुका था।
जबलपुर में इलाज के दौरान प्रद्युम्न की मौत
हादसे के बाद दोनों घायलों को तत्काल जबलपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान 25 वर्षीय प्रद्युम्न पटेल ने दम तोड़ दिया। वहीं संदीप पटेल जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और जबलपुर में उपचार जारी है। रविवार को विजयराघवगढ़ सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
विधायक संजय पाठक ने जताया गहरा दुख
इस हृदयविदारक घटना की जानकारी मिलने पर विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत प्रद्युम्न पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही ईश्वर से परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। विधायक ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया।
देवसरी इंदौर की इस घटना ने एक बार फिर अग्नि हादसों की भयावहता को उजागर कर दिया है। जिस घर में रात तक सब कुछ सामान्य था, वहां सुबह मातम पसरा हुआ है। परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया, जबकि दूसरे सदस्य की गंभीर हालत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

