यदुपति सिंहानिया की जयंती पर जे.के. सीमेंट का सेवा अभियान, 450 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, 80 यूनिट रक्तदान
पन्ना। जे.के. सीमेंट के संस्थापक एवं उद्योग जगत के महान ध्वजवाहक स्वर्गीय यदुपति सिंहानिया जी की जयंती के अवसर पर जे.के. सीमेंट द्वारा जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा बहुआयामी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, चश्मा वितरण, स्वैच्छिक रक्तदान, वृक्षारोपण एवं गौ-सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए।
स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 450 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। स्त्री एवं प्रसूति रोग, मूत्र रोग, शिशु रोग, त्वचा रोग एवं सामान्य चिकित्सा के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयां वितरित कीं।
कार्यक्रम में जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश तिवारी, सिविल सर्जन डॉ. आलोक गुप्ता, सिमरिया एवं अमानगंज के ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के इस प्रयास की सराहना की।
80 यूनिट रक्तदान, महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में जे.के. सीमेंट परिवार के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 80 यूनिट रक्तदान किया गया। रक्तदाताओं ने रक्तदान के माध्यम से मानव सेवा का संदेश दिया।
150 से अधिक जरूरतमंदों को मिले नि:शुल्क चश्मे
नेत्र परीक्षण के बाद दृष्टिदोष से पीड़ित 150 से अधिक बुजुर्गों एवं जरूरतमंदों को नि:शुल्क चश्मे वितरित किए गए। वहीं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।
इसके अलावा जीव-दया की भावना के तहत जे.के. सीमेंट प्रबंधन एवं कर्मचारियों द्वारा पवई स्थित स्थानीय गौशाला में हरा चारा एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर गौ-सेवा की गई।
जे.के. सीमेंट प्रबंधन ने कहा कि स्वर्गीय यदुपति सिंहानिया जी के समाज सेवा और सामुदायिक विकास के विचारों को आगे बढ़ाते हुए संस्थान ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कल्याण के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने जे.के. सीमेंट की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना की।

