कटनी मंडी की उड़नदस्ता टीम की बड़ी कार्रवाई, 350 क्विंटल धान से भरे वाहन पर लगाया ₹58,550 का दंडात्मक मंडी शुल्क
दस्तावेजों के अभाव में पकड़ा गया UP नंबर का वाहन, मंडी अधिनियम 1972 के तहत की गई कार्रवाई
कटनी । कृषि उपज के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए कटनी कृषि उपज मंडी की उड़नदस्ता टीम लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में 13 नवंबर 2026 को मंडी उड़नदस्ता दल ने औचक निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश पासिंग वाहन क्रमांक UP70KT2777 को जांच के लिए रोका। वाहन में परिवहन की जा रही कृषि उपज के संबंध में आवश्यक दस्तावेज नहीं पाए जाने पर मंडी प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की।
भारसाधक अधिकारी के मार्गदर्शन एवं मंडी सचिव मनीष मंडावी के आदेशानुसार उड़नदस्ता प्रभारी सुधीर त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। निरीक्षण दल में उड़नदस्ता सदस्य विकास नारायण मिश्रा एवं अभय दुबे शामिल रहे।
जांच के दौरान वाहन में 350 क्विंटल धान जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 30 हजार रुपये बताई गई, का परिवहन किया जा रहा था। आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर मंडी अधिनियम 1972 की धारा 19(04) के तहत कार्रवाई करते हुए 58 हजार 550 रुपये का दंडात्मक मंडी शुल्क वसूल किया गया।
मंडी प्रशासन की इस कार्रवाई से कृषि उपज के परिवहन में नियमों की अनदेखी करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। मंडी उड़नदस्ता दल ने स्पष्ट किया है कि कृषि उपज के परिवहन में निर्धारित नियमों एवं आवश्यक दस्तावेजों का पालन अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी इसी तरह औचक निरीक्षण कर कार्रवाई की जाएगी।

