कटनी में आग की दो घटनाओं से मचा हड़कंप, फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
गुप्ता कॉलोनी के मकान में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, सूर्या होटल के सामने विद्युत पोल में भी भड़की लपटें; निगम की तत्परता से टला बड़ा हादसा
कटनी। शहर में 24 घंटे के भीतर आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। एक ओर गुप्ता कॉलोनी में शॉर्ट सर्किट के कारण मकान में आग लग गई, तो दूसरी ओर बस स्टैंड के पास विद्युत पोल आग की चपेट में आ गया। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही नगर निगम का अग्निशमन दल तत्काल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
पहली घटना 10 नवंबर की सुबह करीब 6:24 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के बरही रोड ओवरब्रिज के नीचे स्थित गुप्ता कॉलोनी की है। यहां एक मकान में आग लगने की सूचना मिलते ही सिविल लाइन जोन से फायर ब्रिगेड रवाना की गई। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विद्युत शॉर्ट सर्किट से फ्रिज में आग लगी थी।
वहीं दूसरी घटना 9 नवंबर की रात करीब 8 बजे बस स्टैंड के आगे सूर्या होटल के सामने हुई। यहां विद्युत पोल में अचानक आग लगने से आसपास लोगों में हलचल मच गई। सूचना पर बस स्टैंड ऑडिटोरियम जोन की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और दो फायर सिलेंडरों की मदद से आग को नियंत्रित किया।
समय पर पहुंची टीम, टला बड़ा हादसा
सहायक फायर प्रभारी शैलेन्द्र दुबे ने बताया कि दोनों घटनाओं में अग्निशमन दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोक दिया। राहत की बात यह रही कि दोनों ही घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई। नगर निगम का अग्निशमन अमला आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा के लिए मुस्तैदी से कार्य कर रहा है।

