आदिवासी समाज के सम्मान और किसानों के हितों को लेकर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, मुख्यमंत्री एवं सांसद का पुतला दहन
कटनी। आदिवासी समाज की अस्मिता, संस्कृति एवं संवैधानिक अधिकारों के सम्मान तथा किसानों के हितों की रक्षा के मुद्दे पर जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण तथा आदिवासी संगठन कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में पुरानी कचहरी चौराहा, कटनी में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा विश्व आदिवासी दिवस को लेकर सार्वजनिक मंच से उठाए गए सवाल के विरोध में पुतला दहन किया गया। साथ ही किसान विरोधी बयान को लेकर सांसद जनार्दन मिश्रा का भी पुतला दहन कर कांग्रेसजनों ने अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल एक दिवस नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की गौरवशाली पहचान, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, संघर्ष और संवैधानिक अधिकारों का प्रतीक है। इसकी महत्ता पर सवाल उठाना आदिवासी समाज की भावनाओं और सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय है। वहीं किसानों के हितों के विरुद्ध दिए गए बयानों का भी कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया।
जिलाध्यक्ष शहर एड. अमित शुक्ला ने कहा कि आदिवासी समाज का सम्मान और किसानों के अधिकार कांग्रेस की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। जनभावनाओं को आहत करने वाले बयानों और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस सड़क से सदन तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करती रहेगी।
आदिवासी संगठन कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय कोल ने कहा कि आदिवासी समाज की अस्मिता, संस्कृति और परंपराएं हमारी गौरवशाली विरासत हैं। इनके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। आदिवासी समाज अपने अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद करता रहेगा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक बसंत सिंह, रजनी वर्मा, ओमकार सिंह टेकाम, अजय सिंह, रंजीत सिंह, तुलाराम गोटिया, प्रेम बत्रा, राजा जगवानी, जालेम यादव, राजेश जाटव, जितेन्द्र गुप्ता, अजय जैसवानी, प्रशांत जायसवाल, आनंद पटेल, दिग्विजय सिंह, संजय गुप्ता, आदित्य जैन, नारायण निषाद, मंगल सिंह, नरेंद्र राय, विजय नारायण सिंह, जॉर्ज डेविड, अदिता वर्मा, माया चौधरी, लता खरे, रुक्मिणी पांडे, कल्पना पाठक, राजकुमार कल्लू विश्वकर्मा, रमेश अहिरवार, अंशु गुप्ता, शरद खटीक, रामनरेश सिंह, राजेश निषाद, विकास निगम, श्याम गोटिया, इरशाद खान, फरीद खान, आकाश ताम्रकर, साहिल नामदेव एवं हर्षित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेसजनों ने एकजुट होकर स्पष्ट संदेश दिया कि आदिवासी समाज के सम्मान, किसानों के स्वाभिमान और आमजन के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

