कड़ाके की ठंड में बेघर लोगों का सहारा बना नगर निगम का रैन बसेरा, रात में पहुंचकर अधिकारी ने जांचीं व्यवस्थाएं
निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा का निरीक्षण, ठहरे लोगों से लिया सुविधाओं का फीडबैक
कटनी। शीतलहर के बीच जरूरतमंदों को ठंड से बचाने और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी के तहत निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने मंगलवार की रात बस स्टैंड स्थित नगर निगम के रैन बसेरा का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने रैन बसेरा में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, गर्म कपड़ों और रात्रि विश्राम के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही उपस्थिति रजिस्टर की जांच कर केयरटेकर से वहां ठहरने वाले नागरिकों की संख्या एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी सुविधाओं को व्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
रैन बसेरा में ठहरे लोगों से पूछा, कोई परेशानी तो नहीं?
राजस्व अधिकारी ने रैन बसेरा में ठहरे रेपुरा निवासी सुखराजू बर्मन एवं रमता पटेल से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। दोनों नागरिकों ने उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष जताते हुए बताया कि उन्हें यहां रात्रि विश्राम के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने नगर निगम की इस व्यवस्था की सराहना भी की।
खुले आसमान के नीचे रात बिताने की मजबूरी से मिलेगी राहत
शीतलहर के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए नगर निगम का प्रयास है कि शहर में कोई भी जरूरतमंद, बेसहारा या बाहर से रोजगार की तलाश में आने वाला व्यक्ति खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर न हो। रैन बसेरा में उपलब्ध सुविधाओं की निगरानी कर निगम प्रशासन जरूरतमंदों को सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयासरत है।

