कटनी ब्रेकिंग न्यूज़
शेर चौक में दिनदहाड़े चाकूबाजी से मचा हड़कंप! बाइक ठीक से चलाने की बात पर किराना कर्मचारी पर हमला, ₹12 हजार छीनने का आरोप
दो बाइक सवार युवकों ने विवाद के बाद चाकू से किया वार, घायल जिला अस्पताल में भर्ती; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
कटनी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शेर चौक में दिनदहाड़े चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। बाइक ठीक से चलाने की बात कहने पर दो युवकों ने किराना दुकान में काम करने वाले कर्मचारी के साथ मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया। घटना में घायल कर्मचारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं, घायल ने हमलावरों पर ₹12 हजार छीनकर ले जाने का भी आरोप लगाया है।
बाइक चलाने की बात पर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल संतोष साहू (30), पिता भोला साहू, निवासी कुशवाहा नगर, कुठला, झंडा बाजार स्थित एक किराना दुकान में काम करता है। बताया जा रहा है कि काम खत्म करने के बाद वह साइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान शेर चौक के पास दो बाइक सवार युवकों को उसने ठीक से बाइक चलाने की बात कही। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और दोनों युवकों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया।
₹12 हजार छीनने का आरोप
घायल संतोष साहू का आरोप है कि हमलावर उसके पास रखे ₹12 हजार भी छीनकर ले गए। बताया जा रहा है कि यह रकम उसकी महीनेभर की पगार थी। घटना के बाद घायल को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
शहर में चाकूबाजी की घटनाओं पर उठे सवाल
शेर चौक जैसे सार्वजनिक स्थान पर दिनदहाड़े हुई इस घटना ने आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। छोटी-सी बात पर चाकू से हमला करने की घटनाएं चिंता का विषय हैं। आखिर ऐसी घटनाओं पर कब लगाम लगेगी और आम लोगों को सुरक्षित माहौल कब मिलेगा?
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और चाकू से हमला करने वाले दोनों युवकों की तलाश में जुटी है। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों को कब तक गिरफ्तार करती है और कथित तौर पर छीनी गई रकम की बरामदगी के लिए क्या कार्रवाई की जाती है।

