विंध्य एक्सप्रेस-वे की इंटरचेंज रोड पर घमासान, जमीन और आशियाने बचाने सड़क पर उतरे ग्रामीण
सांसद प्रवीण पटेल को सौंपा ज्ञापन, प्रस्तावित मार्ग बदलने की मांग; 28 नवंबर को मौके पर पहुंचकर करेंगे स्थलीय निरीक्षण
फूलपुर। विंध्य एक्सप्रेस-वे की प्रस्तावित इंटरचेंज रोड अब ग्रामीणों के विरोध का मुद्दा बनती जा रही है। सड़क निर्माण की जद में गांवों की आबादी, दलित बस्तियों और किसानों की पुश्तैनी जमीन आने की आशंका को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। इसी को लेकर बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण एकजुट होकर फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल के आवास पहुंचे और उन्हें ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रस्तावित इंटरचेंज रोड रुदापुर, देवनहरी, उमरियाम और तिथरा सहित आसपास के गांवों को प्रभावित कर सकती है। इससे किसानों के मकान, आबादी क्षेत्र और पीढ़ियों से चली आ रही पुश्तैनी जमीन पर संकट खड़ा होने की आशंका है। ग्रामीणों ने मांग की कि इंटरचेंज रोड का निर्माण वर्तमान प्रस्तावित स्थान से हटाकर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर कराया जाए, ताकि गांवों को उजड़ने से बचाया जा सके।
ग्रामीणों का कहना है कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास की कीमत किसानों को अपनी जमीन और घर गंवाकर नहीं चुकानी चाहिए। संतोष उपाध्याय ने कहा कि सड़क का रास्ता बदला जा सकता है, लेकिन उजड़े हुए घर और बिखरे परिवारों को फिर से बसाना आसान नहीं होता। उन्होंने प्रभावित परिवारों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।
ज्ञापन मिलने के बाद सांसद प्रवीण पटेल ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वे 28 नवंबर को प्रस्तावित इंटरचेंज रोड स्थल का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति देखने के साथ किसानों की समस्याओं को शासन स्तर तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान आशुतोष तिवारी, देवराज उपाध्याय, अनिल त्रिपाठी, प्रदीप यादव, सत्यम हिंदू, विमल मिश्रा, हिमांशु यादव, अमन पटेल, विकास आहूजा, अमित यादव, जगदीश यादव और रजनीश पांडे सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
अब सवाल यह है कि क्या किसानों की आपत्तियों के बाद इंटरचेंज रोड का प्रस्तावित मार्ग बदलेगा या ग्रामीणों को अपनी पुश्तैनी जमीन और आशियाने बचाने के लिए आगे भी संघर्ष करना पड़ेगा? 28 नवंबर को होने वाला सांसद का निरीक्षण इस मामले में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

