Home » कटनी » कटनी » कटनी में अतिक्रमण पर निगमायुक्त सख्त, 5 दुकानदारों पर ₹3,200 का जुर्माना

कटनी में अतिक्रमण पर निगमायुक्त सख्त, 5 दुकानदारों पर ₹3,200 का जुर्माना

News Portal Development Companies In India

कटनी में अतिक्रमण पर निगमायुक्त सख्त, 5 दुकानदारों पर ₹3,200 का जुर्माना

मिशन चौक से सुभाष चौक तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने और अवैध बैनर-पोस्टर हटाने के निर्देश

कटनी। त्योहारी सीजन में शहर की यातायात, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार (IAS) ने शुक्रवार देर शाम मिशन चौक से सुभाष चौक तक मुख्य मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण, अनधिकृत बैनर-पोस्टर, सफाई में कमी तथा प्रकाश व्यवस्था की समस्याएं सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पांच व्यवसायियों पर कुल 3,200 रुपये का स्पॉट फाइन भी लगाया गया।

व्यापारियों से सहयोग की अपील

निरीक्षण के दौरान मामा स्वीट्स, कृष्ण फर्नीचर, घूंघट विनय जनरल स्टोर, हरिओम फ्रूट एंड जूस सहित कई दुकानों के बाहर सार्वजनिक मार्ग पर सामग्री रखकर व्यवसाय किए जाने पर निगमायुक्त ने दुकानदारों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सकारात्मक सहयोग के बिना व्यवस्थाओं में स्थायी सुधार संभव नहीं है। दुकानदार अपनी सामग्री दुकान की सीमा के भीतर रखें, ताकि सड़क पर आवागमन बाधित न हो और नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

अतिक्रमण पर नियमित कार्रवाई के निर्देश

मिशन चौक, पेट्रोल पंप से मुड़वारा स्टेशन मार्ग और नगीना मस्जिद के सामने सड़क पर सामग्री रखकर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। फुटपाथों पर ठेला-टपरा लगाकर व्यवसाय करने वालों पर भी निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित कार्रवाई करने को कहा गया, ताकि पैदल राहगीरों को सुरक्षित रास्ता मिल सके।

सिटी कोतवाली के सामने सार्वजनिक मार्ग को क्षतिग्रस्त कर टेंट लगाए जाने पर निगमायुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित टेंट संचालक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं मिशन चौक, थाना तिराहा और जगन्नाथ चौक पर अनधिकृत बैनर-पोस्टर लगाने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई करने को कहा।

खुले नाले ढकने और फुटपाथ दुरुस्त करने पर जोर

निगमायुक्त ने उपयंत्री रवि हनोते और हिमांशु गौतम को नालों के ऊपर बने फुटपाथों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। पोस्ट ऑफिस गली के पास खुले नाले को तत्काल ढकने, सड़क के दोनों ओर अव्यवस्थित स्थलों को व्यवस्थित करने और नगर निगम कार्यालय के बाहर अनधिकृत पार्किंग रोकने के लिए उचित व्यवस्था बनाने को कहा।

सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में सुधार के निर्देश

मुख्य मार्ग पर कचरा फेंके जाने और सफाई में कमी मिलने पर निगमायुक्त ने स्वास्थ्य अधिकारी को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सभी दुकानदारों की दुकानों में डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखवाने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा।

इसके अलावा निगम कार्यालय के पास केंद्रीय विद्यालय झिंझरी के बगल, चर्च के आसपास और सामने वाले मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था की कमी को दूर करने के लिए अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइट लगाने के निर्देश विद्युत शाखा को दिए।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, उपयंत्री हिमांशु गौतम एवं रवि हनोते, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित नगर निगम के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?