छठ पर्व से पहले कटनी में सफाई अभियान तेज, रात-दिन जुटे निगम के स्वच्छता मित्र
प्रमुख मार्गों से लेकर धार्मिक स्थलों और पूजन घाटों तक विशेष सफाई, दो शिफ्ट में हो रही व्यवस्था
कटनी। छठ महापर्व को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए निगम द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्वच्छता मित्र दो शिफ्ट में दिन-रात सफाई कार्य में जुटे हैं। प्रमुख मार्गों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थलों के साथ छठ पूजा के लिए चिन्हित घाटों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी निशांत कनोजिया के अनुसार, रात्रिकालीन सफाई अभियान के तहत सुभाष चौक, मुख्य स्टेशन मार्ग, कोतवाली तिराहा, झंडा बाजार, गोल बाजार, मिशन चौक एवं माधवनगर मुख्य मार्ग सहित शहर के प्रमुख क्षेत्रों में विशेष सफाई कराई गई। वहीं सड़कों से धूल-मिट्टी हटाने और वायु गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से रोड स्वीपिंग मशीन के जरिए जगन्नाथ चौक से घंटाघर, गर्ग चौराहा तथा खिरहनी ओवरब्रिज से रपटा पेट्रोल पंप तक दोनों ओर की सड़कों और डिवाइडरों की सफाई कराई गई।
छठ घाटों पर विशेष इंतजाम
छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बाबा घाट, मंगल नगर, छपरवाह घाट, एनकेजे बजरंग घाट और कटाए घाट सहित विभिन्न चिन्हित पूजन स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। घाटों के साथ पहुंच मार्गों की सफाई, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव और आवश्यक साज-सज्जा के कार्य भी कराए जा रहे हैं, ताकि व्रतधारियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शहर के कई वार्डों में भी चला अभियान
विशेष सफाई अभियान के तहत रघुनाथगंज, वार्ड क्रमांक 23 के घंटाघर एवं अग्रसेन उद्यान की सफाई और धुलाई कराई गई। वार्ड क्रमांक 18 में डायट कॉलेज रोड की सफाई के बाद चूने से लाइनिंग कराई गई। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 11 स्थित वरुण भवन के भागवत कथा स्थल, वृंदावन कॉलोनी, आधारकाप, माधवनगर, जिला एवं सत्र न्यायालय गेट क्रमांक 3, एनकेजे बजरिया, लखेरा, बरगवां, आजाद चौक, नदीपार मुख्य मार्ग और पन्ना मोड़ सहित अन्य क्षेत्रों में भी सफाई कार्य कराया गया।
कचरे का भी कराया जा रहा उचित निष्पादन
सफाई अभियान के दौरान एकत्रित कचरे को निर्धारित प्रक्रिया के तहत निष्पादन के लिए प्लांट भेजा जा रहा है। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए रात्रिकालीन एवं प्रातःकालीन सफाई अभियान लगातार जारी रहेगा। छठ पर्व के मद्देनजर घाटों और प्रमुख मार्गों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

