पन्ना मध्य प्रदेश
जंगल और वन्यजीवों की दुनिया से रूबरू हुए 55 स्कूली बच्चे, मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी का किया शैक्षणिक भ्रमण
किताबी ज्ञान से आगे प्रकृति की पाठशाला में पहुंचे नौनिहाल, वन्यजीवों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन का लिया संदेश
पन्ना। बच्चों में वन्यजीवों के प्रति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने के उद्देश्य से दक्षिण पन्ना वनमंडल द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। इसके तहत शासकीय माध्यमिक शाला लुधगवां के 55 विद्यार्थियों को मुकुंदपुर स्थित व्हाइट टाइगर सफारी एवं चिड़ियाघर का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों ने वन्यजीवों की दुनिया को करीब से देखा और प्रकृति, जैव विविधता तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।
इस भ्रमण में कक्षा चौथी से आठवीं तक के कुल 55 विद्यार्थी शामिल हुए, जिनमें 22 बालक और 33 बालिकाएं थीं। विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के पांच शिक्षक-शिक्षिकाएं और वन विभाग का अमला भी मौजूद रहा।
सफेद बाघ सहित वन्यजीवों को देखकर रोमांचित हुए बच्चे
मुकुंदपुर पहुंचकर विद्यार्थियों ने व्हाइट टाइगर सफारी, चिड़ियाघर, स्नेक पार्क एवं ईको पार्क का भ्रमण किया। यहां बच्चों ने सफेद बाघ सहित विभिन्न प्रजातियों के वन्यप्राणियों, पक्षियों और सरीसृपों को नजदीक से देखा। वन्यजीवों के रहन-सहन, खान-पान, व्यवहार और प्राकृतिक आवास के बारे में जानकारी मिलने पर बच्चों में खासा उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली।
ईको पार्क में आयोजित शैक्षणिक एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को जैव विविधता, पर्यावरण संतुलन और वन्यजीव संरक्षण का महत्व समझाया गया।
बच्चों को दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश
इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे ले जाकर प्रकृति और वन्यजीवों से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ना रहा। बच्चों को बताया गया कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में प्रत्येक वन्यजीव की अपनी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जंगलों और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को वन एवं वन्यजीव संरक्षण में जनभागीदारी का महत्व समझाते हुए प्रकृति के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
वन विभाग की पहल बनी बच्चों के लिए यादगार अनुभव
भ्रमण के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ वन विभाग की ओर से वनरक्षक रवि चौबे एवं अन्य वनकर्मी उपस्थित रहे। बच्चों ने पूरे भ्रमण में उत्साहपूर्वक भाग लिया और वन्यजीवों से जुड़ी नई जानकारियां प्राप्त कीं।
दक्षिण पन्ना वनमंडल की यह पहल बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ सीखने का भी अनूठा अवसर बनी। इस तरह के आयोजन न केवल विद्यार्थियों को प्रकृति के करीब लाते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ी में वन, वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

