कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक में बनी रणनीति, 26 नवंबर के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महाअभियान की तैयारियों पर मंथन
वार्ड स्तर पर नियुक्त होंगे वोट रक्षक, मतदाता सूची के सत्यापन और संशोधन की संभालेंगे जिम्मेदारी; बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को किया नमन
कटनी। जिला कांग्रेस कार्यालय आस्था प्लाजा, बरगवां में जिला कांग्रेस कमेटी की पीएसी कमेटी एवं समस्त ब्लॉक अध्यक्षों की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती से लेकर आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों तक कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा जी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। कांग्रेसजनों ने उनके सम्मान में पखवाड़ा मनाते हुए देश की स्वतंत्रता, आदिवासी समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए किए गए उनके ऐतिहासिक संघर्ष, त्याग एवं बलिदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और विचार आज भी समाज को अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने तथा अधिकारों के लिए लड़ने की प्रेरणा देते हैं।
बैठक का प्रमुख एजेंडा आगामी 26 नवंबर को भोपाल में आयोजित होने वाला ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महाअभियान रहा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार करने, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने और अधिक से अधिक कांग्रेसजनों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया गया।
वहीं मतदाता सूची संशोधन कार्यक्रम को लेकर भी गंभीरता से चर्चा हुई। प्रत्येक वार्ड में वोट रक्षक नियुक्त करने का निर्णय लिया गया, जो मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। इसके साथ ही पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने, छूटे हुए नाम जुड़वाने तथा सूची में मौजूद त्रुटियों को दुरुस्त कराने की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। इसके लिए वार्ड स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया गया।
बैठक में नेताओं ने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ और वार्ड स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता हैं। इसलिए सभी पदाधिकारियों एवं ब्लॉक अध्यक्षों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को गति देनी होगी। साथ ही भोपाल में होने वाले महाअभियान में कटनी जिले की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
बैठक में प्रमुख रूप से जिला प्रभारी मनु मिश्रा, जिलाध्यक्ष शहर एड. अमित शुक्ला, जिलाध्यक्ष ग्रामीण सौरभ सिंह, बसंत सिंह, राजेश चौबे, रामनरेश त्रिपाठी, गुमान सिंह, राकेश जैन कक्का, महेंद्र जैन, गोल्डन पांडे, प्रेम बत्रा, जितेंद्र सिंह, रजनी वर्मा, अजय कोल, आफताब अहमद, सुरेंद्र राणा, जितेंद्र गुप्ता, अजय जैसवानी, राजेश जाटव सहित समस्त ब्लॉक अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, मतदाता सूची से जुड़े कार्यों को व्यवस्थित करने और आगामी अभियानों को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया गया।

