जिला अस्पताल की बिल्डिंग से महिला ने लगाई छलांग, हालत गंभीर
घटना से अस्पताल परिसर में मची सनसनी, छलांग लगाने का लाइव वीडियो वायरल
कटनी। जिला अस्पताल में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब इलाज के लिए भर्ती एक महिला ने अस्पताल की बिल्डिंग से अचानक छलांग लगा दी। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल चौकी पुलिस और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
लाइव वीडियो हुआ वायरल
घटना से जुड़ा एक लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें महिला के बिल्डिंग से छलांग लगाने की घटना दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल परिसर में घटना को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और महिला के इस कदम के पीछे की वजह जानने के लिए आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

