नवरात्रि-दशहरा को लेकर निगमायुक्त तपस्या परिहार सख्त, रात में शुरू हुआ सड़कों के गड्ढों का पेचवर्क
कमानिया गेट से आजाद चौक तक जुलूस मार्ग की मरम्मत, घंटाघर सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर भी चलेगा अभियान
कटनी। नवरात्रि और दशहरा पर्व पर श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने सड़कों की मरम्मत का कार्य तेज कर दिया है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर सोमवार की रात शहर के प्रमुख जुलूस मार्ग पर डामर पेचवर्क का कार्य शुरू कराया गया। इसके तहत स्टेशन रोड से झंडा बाजार होते हुए लक्ष्मी नारायण मंदिर मार्ग से आजाद चौक तक सड़क के गड्ढों की मरम्मत की गई।
नवरात्रि पर्व के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही और दशहरा पर्व पर प्रतिमा विसर्जन के दौरान निकलने वाले जुलूसों को देखते हुए नगर निगम सड़क मार्गों को सुगम बनाने में जुटा है। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने विगत दिवस जुलूस मार्ग का पैदल निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक मरम्मत कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद लोक निर्माण शाखा ने रात में ही पेचवर्क का काम शुरू करा दिया।
प्रमुख मार्गों पर भी होगा मरम्मत कार्य
नगर निगम की लोक निर्माण शाखा के कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा ने बताया कि नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों पर डामर पेचवर्क का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। पहले चरण में स्टेशन रोड मुख्य मार्ग, झंडा बाजार, लक्ष्मी नारायण मंदिर मार्ग से आजाद चौक तक सड़क के गड्ढों को भरकर मरम्मत की गई है।
उन्होंने बताया कि आगामी धार्मिक आयोजनों को देखते हुए घंटाघर मार्ग सहित नगर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी पेचवर्क मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। इसके लिए प्राथमिकता के आधार पर सड़कों को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि पर्व के दौरान नागरिकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
पर्व से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने पर जोर
नवरात्रि और दशहरा के दौरान शहर में धार्मिक जुलूसों, प्रतिमा विसर्जन और श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए सड़क मरम्मत का कार्य महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नगर निगम प्रशासन का प्रयास है कि प्रमुख मार्गों पर गड्ढों के कारण आवागमन बाधित न हो और धार्मिक आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।

