Home » पन्ना » पन्ना टाइगर रिजर्व में हाथी महोत्सव का आगाज, पुनयौवनीकरण कैंप में गजराजों को खिलाया पौष्टिक आहार

पन्ना टाइगर रिजर्व में हाथी महोत्सव का आगाज, पुनयौवनीकरण कैंप में गजराजों को खिलाया पौष्टिक आहार

News Portal Development Companies In India

पन्ना टाइगर रिजर्व में हाथी महोत्सव का आगाज, पुनयौवनीकरण कैंप में गजराजों को खिलाया पौष्टिक आहार

पन्ना। पन्ना टाइगर रिजर्व के हिनौता हाथी कैंप में 24 सितंबर से साप्ताहिक हाथी रेजुविनेशन (पुनयौवनीकरण) कैंप एवं हाथी महोत्सव का उत्साहपूर्वक शुभारंभ किया गया। आयोजन का उद्देश्य हाथियों के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ उनके स्वास्थ्य और बेहतर प्रबंधन को मजबूत करना है।

कैंप का उद्घाटन पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक बृजेंद्र श्रीवास्तव द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वन संरक्षक (CCF) छतरपुर नरेश सिंह यादव, कलेक्टर पन्ना उषा परमार, दक्षिण पन्ना के वन मंडलाधिकारी अनुपम शर्मा, उत्तर पन्ना के वन मंडलाधिकारी धीरेंद्र प्रताप सिंह, टाइगर रिजर्व के उपसंचालक, जिला पंचायत सीईओ उमराव मरावी सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, हिनौता की सरपंच, ईको विकास समिति के अध्यक्ष, एनएमडीसी मंझगवां के महाप्रबंधक, महावत, सहायक महावत और चारा कटर शामिल हुए।

कैंप के दौरान हाथियों को विशेष पौष्टिक आहार दिया गया। इसमें ड्राई फ्रूट, गुड़ के लड्डू, तरबूज, केला, सेब और गन्ना शामिल रहे। इस दौरान हाथियों की देखभाल और संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी ध्यान दिया गया।

दूसरे दिन विधायक ने किया हाथी कैंप का निरीक्षण

25 सितंबर को पन्ना विधानसभा क्षेत्र के विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह हिनौता हाथी कैंप पहुंचे। उन्होंने कैंप का अवलोकन किया और पन्ना टाइगर रिजर्व में बढ़ रहे हाथियों के कुनबे तथा उनके संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रबंधन कार्यों की जानकारी ली।

विधायक के साथ टाइगर रिजर्व के उपसंचालक, हिनौता रेंज अधिकारी, वन कर्मचारी और महावत मौजूद रहे। उन्होंने हाथियों के संरक्षण और देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

30 सितंबर तक चलेगा महोत्सव, हाथियों का होगा स्वास्थ्य परीक्षण

यह हाथी महोत्सव एवं पुनयौवनीकरण कैंप 30 सितंबर 2026 तक जारी रहेगा। वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव गुप्ता के मार्गदर्शन में हाथियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। वहीं एनएमडीसी सिविल अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा हाथी कैंप में कार्यरत स्टाफ का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।

पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने नागरिकों और प्रकृति प्रेमियों से इस आयोजन में सहभागिता करने तथा वन्यजीवों एवं वनों के संरक्षण के अभियान में सहयोग देने की अपील की है।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?