Home » पन्ना » अप्रैल तक पूरा होगा सतना-पन्ना रेल लाइन का काम, सकरिया तक इसी माह शुरू होगी ट्रेन सेवा

अप्रैल तक पूरा होगा सतना-पन्ना रेल लाइन का काम, सकरिया तक इसी माह शुरू होगी ट्रेन सेवा

News Portal Development Companies In India

अप्रैल तक पूरा होगा सतना-पन्ना रेल लाइन का काम, सकरिया तक इसी माह शुरू होगी ट्रेन सेवा

नागोद में रेलवे जीएम दिलीप कुमार सिंह और डीआरएम कमल कुमार तलरेजा का स्वागत, जेके सीमेंट के यूनिट हेड कपिल अग्रवाल के साथ गुड्स शेड निर्माण पर हुई चर्चा

नागोद/सतना। सतना-पन्ना रेल लाइन परियोजना को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रेल लाइन का निर्माण कार्य अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, वहीं सकरिया तक इसी माह रेल सेवा शुरू होने की जानकारी दी गई है। इसी सिलसिले में पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) दिलीप कुमार सिंह एवं मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कमल कुमार तलरेजा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सतना से देवेंद्रनगर रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य, सुरक्षा मानकों और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की गई।

निरीक्षण दल में पीसीसीएम अरविंद कुमार रजक, पीसीओएम राजेश कुमार मंडल, पीसीईई मुकेश, सीनियर डीसीएम शशांक गुप्ता, सीनियर डीओएम प्रिंस विक्रम सहित अन्य वरिष्ठ रेलवे अधिकारी शामिल रहे।

नागोद स्टेशन पर जीएम-डीआरएम का स्वागत

नागोद रेलवे स्टेशन पहुंचने पर जेके सीमेंट के यूनिट हेड कपिल अग्रवाल, लॉजिस्टिक हेड एस.एन. गौड़ एवं कॉर्पोरेट अफेयर्स हेड पराग त्रिपाठी ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों और जेके सीमेंट की टीम के बीच रेल परिवहन को बेहतर बनाने को लेकर चर्चा हुई।

गुड्स शेड निर्माण और रेल लाइन विस्तार पर मंथन

बैठक में नागोद में गुड्स शेड के निर्माण तथा सतना-पन्ना रेल लाइन को जल्द शुरू करने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही देवेंद्रनगर-अमानगंज रेल लाइन के भावी विस्तार और इसके लिए सर्वे कार्य को जल्द पूरा करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। गुड्स शेड विकसित होने से क्षेत्र के औद्योगिक प्रतिष्ठानों को माल की लोडिंग और अनलोडिंग में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

उद्योगों के साथ आमजन को भी मिलेगा लाभ

सतना-पन्ना रेल लाइन शुरू होने से जेके सीमेंट सहित क्षेत्र के अन्य उद्योगों को कच्चे माल और तैयार उत्पादों के परिवहन में सहूलियत मिलेगी। क्लिंकर और सीमेंट की ढुलाई रेल मार्ग से होने पर सड़कों पर भारी वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है। इससे परिवहन लागत में कमी, सड़क सुरक्षा में सुधार और रेलवे के राजस्व में बढ़ोतरी की संभावनाएं हैं।

वहीं, रेल सेवा शुरू होने से स्थानीय नागरिकों को भी आवागमन का सस्ता और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए दूरस्थ रेलवे स्टेशनों तक जाने की जरूरत कम होगी। ऐसे में सतना-पन्ना रेल लाइन का विस्तार क्षेत्र के औद्योगिक विकास के साथ-साथ आमजन की परिवहन सुविधाओं के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?