Home » पन्ना » पवई के सीएम राइज विद्यालय का डीईओ और पीडब्ल्यूडी टीम ने किया निरीक्षण, अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

पवई के सीएम राइज विद्यालय का डीईओ और पीडब्ल्यूडी टीम ने किया निरीक्षण, अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

News Portal Development Companies In India

पवई के सीएम राइज विद्यालय का डीईओ और पीडब्ल्यूडी टीम ने किया निरीक्षण, अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

बसों में सुरक्षा इंतजामों और विद्यालय की व्यवस्थाओं पर भी हुई चर्चा, बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम के लिए शिक्षकों को दिया मार्गदर्शन

पन्ना/पवई। शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पवई के नवीन भवन निर्माण कार्य और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जिला शिक्षा अधिकारी अजय गुप्ता की टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और भोपाल से पहुंचे पीपल टीम के साईं चांद पांडेय ने विद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। टीम ने सुबह 10:30 बजे विद्यालय पहुंचकर उपस्थिति, प्रार्थना सभा और कक्षाओं में चल रहे अध्यापन कार्य का निरीक्षण किया।

विद्यालय के प्राचार्य आर.के. नगायच ने नवीन भवन में शेष निर्माण कार्यों और आवश्यक सुधार एवं मरम्मत की जानकारी अधिकारियों को दी। वहीं, एसएमसी अध्यक्ष वसंत कुमार सक्सेना ने अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया।

अधूरे निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग

निरीक्षण के दौरान विद्यालय की लगभग 50 मीटर अधूरी बाउंड्रीवाल और गेट का निर्माण, प्रथम तल की खुली गैलरी में स्टील जाली लगाना, खुली नाली को आरसीसी से ढकना, इन्वर्टर के लिए विद्युत लाइन डालना और पानी के लीकेज को ठीक कराने जैसे मुद्दे सामने रखे गए। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुचारू रखने तथा विद्यालय परिसर से जुड़ी अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग की गई।

विद्यालय प्रबंधन ने बीईओ कार्यालय के कक्ष और वहां से उत्पन्न हो रही समस्याओं की जानकारी भी निरीक्षण टीम को दी। अधिकारियों के समक्ष लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने का विषय रखा गया।

बस संचालन में सुरक्षा मानकों पर जोर

विद्यालय के विद्यार्थियों के आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए बसों में सुरक्षा नियमों के अनुरूप कैमरे, जीपीएस, निर्धारित यूनिफॉर्म और बस मैनेजर की नियुक्ति की मांग भी उठाई गई। जिला शिक्षा अधिकारी पन्ना की ओर से अगले दिन से बस संचालन शुरू होने की जानकारी दी गई। इससे विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम के लिए बनाई जाएगी कार्ययोजना

पीपल टीम के अधिकारी ने विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों और कक्षाओं का निरीक्षण कर अध्यापन कार्य की समीक्षा की। शिक्षकों को बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों, सामने आने वाली चुनौतियों और मासिक लक्ष्य निर्धारित करने पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नियमित फीडबैक के आधार पर आगे की कार्ययोजना बनाकर विद्यार्थियों का शैक्षणिक प्रदर्शन बेहतर करने पर जोर दिया गया।

कालिदास समारोह में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान

निरीक्षण के दौरान जिला स्तरीय कालिदास समारोह में प्रथम स्थान प्राप्त कर लौटे कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों को भी बधाई दी गई। नृत्य-नाटिका और श्लोक पाठ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं तथा उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को जिला शिक्षा अधिकारी अजय गुप्ता और निरीक्षण टीम ने शुभकामनाएं देते हुए संभाग स्तर पर चयन के लिए प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने, निर्माण संबंधी कमियों को दूर करने और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाना रहा।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?