Home » सिंगरौली » सिंगरौली में कच्चा मकान बना काल, एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत; मासूम बच्ची और बुजुर्ग दादी भी नहीं बच सकीं

सिंगरौली में कच्चा मकान बना काल, एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत; मासूम बच्ची और बुजुर्ग दादी भी नहीं बच सकीं

News Portal Development Companies In India

सिंगरौली में कच्चा मकान बना काल, एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत; मासूम बच्ची और बुजुर्ग दादी भी नहीं बच सकीं

रात में अचानक भरभराकर गिरा जर्जर मकान, दो साल की बच्ची समेत आठ लोग मलबे में दबे; पांच घायल अस्पताल में भर्ती, मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का किया ऐलान

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में सोमवार की रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। कोतवाली थाना क्षेत्र के बरहपान गांव के जलहथनी टोला में एक जर्जर कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के वक्त मकान के अंदर एक ही परिवार के आठ सदस्य सो रहे थे। देखते ही देखते पूरा परिवार मलबे में दब गया। इस दर्दनाक हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में 36 वर्षीय अरुण विश्वकर्मा, उनकी 65 वर्षीय मां संतुलिया और महज दो साल की मासूम बेटी शामिल हैं।

जर्जर दीवार से आ रही थीं आवाजें, फिर भी नहीं मिला संभलने का मौका

जानकारी के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य रात में भोजन करने के बाद अपने कच्चे मकान में सोने चले गए थे। मकान की हालत पहले से ही काफी खराब थी और उसकी एक दीवार में दरार थी। बताया जा रहा है कि रात के समय दीवार से अजीब आवाजें भी सुनाई दे रही थीं। हालांकि, परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते और सुरक्षित बाहर निकलने का प्रयास करते, उससे पहले ही पूरा मकान अचानक ढह गया। हादसे ने परिवार को संभलने तक का मौका नहीं दिया।

बताया गया कि बेलामती अपने चार बच्चों के साथ मलबे में दब गई थीं। वहीं, उनके पति घर के अंदर दबे अन्य परिजनों को बचाने पहुंचे, लेकिन वह भी मलबे की चपेट में आ गए।

ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव कार्य, रातभर चला रेस्क्यू

हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। रात करीब एक बजे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया।

घायलों को तत्काल बैढ़न ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। एसडीएम सुरेश यादव सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।

मुख्यमंत्री ने की आर्थिक सहायता की घोषणा

इस हृदयविदारक घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह के अनुसार, मुख्यमंत्री के निर्देश पर मृतकों के परिजनों और घायलों को आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया है।

घोषणा के मुताबिक, तीनों मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये तथा पांचों घायलों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से बरहपान गांव में शोक की लहर है। इस हादसे ने एक बार फिर जर्जर और असुरक्षित मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?