जंगली सूअर के मांस का अवैध कारोबार उजागर, खरीदने और बेचने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल
पन्ना। वन्यजीवों के अवैध शिकार और उनके मांस की खरीद-बिक्री के खिलाफ दक्षिण पन्ना वनमंडल ने बड़ी कार्रवाई की है। शाहनगर वन परिक्षेत्र में जंगली सूअर के मांस की अवैध खरीद-बिक्री के मामले में वन विभाग की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वन विभाग की इस कार्रवाई से वन्यजीवों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
बोरी में मिला जंगली सूअर का मांस, पूछताछ में खुला खरीद-बिक्री का मामला
जानकारी के अनुसार, घटना 6 नवंबर 2026 की है। शाहनगर वन परिक्षेत्र की सुनपुरा बीट में वन अमला नियमित गश्त कर रहा था। इसी दौरान वन कर्मचारियों की नजर बोरी लेकर जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी। वन अमले ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। वन कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान लवकुश आदिवासी, पिता हुकुम आदिवासी, निवासी ग्राम परासी, तहसील शाहनगर के रूप में हुई। उसके पास मौजूद बोरी की तलाशी लेने पर उसमें मांस के टुकड़े मिले। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि यह जंगली सूअर का मांस है।
1.5 किलो मांस शिवचरण से खरीदने का किया खुलासा
वन परिक्षेत्र कार्यालय शाहनगर में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत आरोपी का बयान दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान लवकुश ने खुलासा किया कि उसने करीब 1.5 किलोग्राम जंगली सूअर का मांस ग्राम परासी निवासी शिवचरण आदिवासी से खरीदा था। इसके बाद वन विभाग ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए 7 नवंबर को लवकुश को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बयान के आधार पर दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार
मामले की आगे की जांच और आरोपी के बयान के आधार पर वन विभाग की टीम ने मांस बेचने के आरोप में शिवचरण आदिवासी, पिता फुल्ला आदिवासी, निवासी ग्राम परासी को भी गिरफ्तार कर लिया। शनिवार 14 नवंबर को उसे न्यायालय पवई में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे भी जेल भेज दिया गया।
इस तरह जंगली सूअर के मांस की खरीद-बिक्री के मामले में वन विभाग ने खरीदने और बेचने के आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दोनों को जेल पहुंचा दिया।
इन वनकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में सुनपुरा बीटगार्ड ओमनारायण प्रजापति, रेगुवां बीट प्रभारी आशीष कुमार पाण्डेय, टिकरिया परिक्षेत्र सहायक श्रीनिवास पाण्डेय, टिकरिया वनपाल चंद्रप्रकाश शर्मा, कुनिया वनरक्षक रजनीश दुबे, ढेसाई बीटगार्ड हर्ष बृजपुरिया एवं हरदुआ वनरक्षक राहुल जैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वन विभाग की इस कार्रवाई को वन्यजीव संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के शिकार और उनके अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

