CPS सिक्योरिटी में हंगामा! गार्ड ने फील्ड ऑफिसर पर लगाया गाली-गलौज और थप्पड़ मारने का आरोप, डेढ़ माह से वेतन नहीं मिलने का भी दावा
झांसी। CPS सिक्योरिटी में तैनात एक गार्ड ने अपने फील्ड ऑफिसर पर गंभीर आरोप लगाते हुए नवाबाद थाना पुलिस से शिकायत की है। शिकायतकर्ता विवेक नायक का आरोप है कि ड्यूटी के दौरान शेविंग को लेकर हुए विवाद में फील्ड ऑफिसर धर्मेंद्र यादव ने उसके साथ गाली-गलौज की, कॉलर पकड़ा और गाल पर थप्पड़ मार दिया।
शिकायत के अनुसार, विवेक घनाराम मॉल में CPS सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है और सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक करीब 13 घंटे ड्यूटी करता है। उसका आरोप है कि ₹14 हजार वेतन तय होने के बावजूद उसे ₹12 हजार ही दिए जा रहे हैं और करीब डेढ़ महीने से वेतन का भुगतान भी नहीं हुआ है।
विवेक का कहना है कि ड्यूटी के दौरान फील्ड ऑफिसर ने शेविंग नहीं कराने को लेकर सवाल किया। उसने देर रात ड्यूटी खत्म होने और मंगलवार होने की वजह से शेविंग नहीं करा पाने की बात कही। आरोप है कि इसी बात पर फील्ड ऑफिसर भड़क गए और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए उसके साथ हाथापाई की।
गार्ड ने यह भी आरोप लगाया कि उसे नौकरी से हटाने की बात कही गई और धमकी देते हुए कहा गया कि वह किसी का कुछ नहीं बिगाड़ सकता। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि अन्य फील्ड ऑफिसरों ने कथित तौर पर हाथापाई को गलत बताया।
मामले को लेकर विवेक नायक ने नवाबाद थाना पुलिस से शिकायत कर पूरे प्रकरण की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। अब पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

