बाल दिवस पर जे.के. सीमेंट की अनूठी पहल, 38 बच्चों को बांटे हेलमेट… अब मासूम बनेंगे अभिभावकों के सड़क सुरक्षा गुरु
चॉकलेट और खिलौनों की जगह मिला जिंदगी का अनमोल तोहफा, बच्चों के जरिए बड़ों को दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
पन्ना (मध्यप्रदेश)। बाल दिवस पर जहां बच्चों को चॉकलेट, खिलौने और अन्य उपहार देकर खुशियां मनाई जाती हैं, वहीं जे.के. सीमेंट पन्ना ने इस अवसर पर एक अनूठी और सराहनीय पहल करते हुए बच्चों को जीवन रक्षा का संदेश दिया। 14 नवंबर को लाला कमलापत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दोपहिया वाहनों से स्कूल आने वाले 38 बच्चों को चाइल्ड हेलमेट वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य केवल बच्चों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उनके माध्यम से अभिभावकों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
बच्चे अब अभिभावकों को सिखाएंगे सुरक्षा का पाठ
अक्सर देखा जाता है कि दोपहिया वाहन चलाते समय अभिभावक स्वयं तो हेलमेट पहनते हैं, लेकिन उनके साथ बैठे बच्चों की सुरक्षा को नजरअंदाज कर दिया जाता है। इसी गंभीर लापरवाही को देखते हुए जे.के. सीमेंट ने बाल दिवस पर एक सार्थक संदेश देने की कोशिश की। हेलमेट प्राप्त करने वाले बच्चे अब अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को भी दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने तथा बच्चों की सुरक्षा का ध्यान रखने के लिए प्रेरित करेंगे।
बच्चों के सिर पर सजा यह सुरक्षा कवच समाज को यह संदेश देगा कि सड़क पर हर जिंदगी अनमोल है और सुरक्षा के मामले में बच्चों की अनदेखी किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ आयोजन
कार्यक्रम जे.के. सीमेंट पन्ना के यूनिट हेड कपिल अग्रवाल, एचआर हेड अवनेश कुमार गौतम, माइंस हेड सुरेश बांद्रे एवं कमर्शियल हेड आलोक राज गौतम के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर सेफ्टी हेड दीपक दलाई एवं विद्यालय के प्राचार्य पी.आर. कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने हाथों से बच्चों को हेलमेट पहनाए और उन्हें सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया।
उन्होंने बच्चों को समझाया कि वे स्वयं भी सुरक्षा नियमों का पालन करें और अपने अभिभावकों को बिना हेलमेट दोपहिया वाहन नहीं चलाने के लिए प्रेरित करें।
बाल दिवस पर दिया जिंदगी का सबसे बड़ा उपहार
जे.के. सीमेंट पन्ना द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार सामाजिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में बाल दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम एक अलग पहचान लेकर सामने आया।
इस पहल ने साबित किया कि बच्चों को दिया जाने वाला सबसे अच्छा उपहार उनकी सुरक्षा और बेहतर भविष्य हो सकता है। 38 बच्चों के सिर पर पहनाए गए हेलमेट अब केवल सुरक्षा कवच नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश भी बनेंगे।
पन्ना में बाल दिवस पर शुरू हुई यह पहल समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है, जहां नन्हे बच्चे ही अपने बड़ों को जिम्मेदारी और जीवन की अहमियत का पाठ पढ़ाएंगे।

